बीएसएफ कैंप परिसर में लगी चौपाल, CM विष्णु देव साय ने खाट पर बैठकर सुनीं लोगों की बात, किया बड़ी घोषणाएं
रायपुर: सुशासन तिहार के तहत छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज नारायणपुर जिले के ओरछा विकासखंड के ग्राम बासिंग स्थित बीएसएफ कैंप परिसर में चौपाल लगाकर जनसंवाद किया। नीम के पेड़ की छांव में खाट पर बैठकर मुख्यमंत्री ने न सिर्फ ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, बल्कि मौके पर ही एक करोड़ रुपए से अधिक की सौगातों की घोषणा कर लोगों का दिल जीत लिया। चौपाल में मुख्यमंत्री साय के साथ उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप, मुख्य सचिव अमिताभ जैन और मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 8 अप्रैल से वे स्वयं पूरे प्रदेश में सुशासन तिहार के तहत जनसंवाद और योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति जानने के लिए क्षेत्रों में पहुंच रहे हैं। चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने पारंपरिक पगड़ी और कलगी पहनाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
समर कैंप में प्रशिक्षित युवतियों ने हाथ से बने गुलदस्ते भेंट किए। मुख्यमंत्री ने कक्षा 10वीं के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया और हाफ मैराथन विजेता छात्रा का उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना की समीक्षा की और कहा कि कोई भी पात्र महिला इस योजना से वंचित नहीं रहेगी। ग्रामीण श्रीमती महेश्वरी दुग्गा और श्रीमती मनके ने योजना से हुए लाभ को साझा किया और मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री ने नक्सल समस्या पर दो टूक कहा कि अबूझमाड़ क्षेत्र की जनता के सहयोग से मार्च 2026 तक नक्सलवाद को समाप्त करने का राष्ट्रीय संकल्प पूरा हो जाएगा। उन्होंने आत्मसमर्पित नक्सलियों के लिए बनाई गई पुनर्वास नीति को देश की सबसे अच्छी नीति बताया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, नोनी सशक्तिकरण, मिनीमाता महतारी जतन योजना के तहत हितग्राहियों को चाबी, चेक और नगद सहायता प्रदान की। उन्होंने एक दिव्यांग हितग्राही को व्हीलचेयर भी सौंपी। ग्रामीणों की मांग पर मुख्यमंत्री ने मुरहापदर में पुलिया निर्माण के लिए 20 लाख रुपए, बासिंग में खेल मैदान और बाल आश्रम/स्कूल की मरम्मत के लिए 20 लाख रुपए, मुरहापदर और एहनार में आंगनबाड़ी भवन के लिए 24 लाख, बासिंग में हाट बाजार से बस्ती तक सी.सी. रोड के लिए 25 लाख, कुंडला, बासिंग और मुरहापदर में नवीन घोटुल के लिए 15 लाख। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने ओरछा में आदिवासी विकास विभाग द्वारा 8 करोड़ की लागत से निर्मित 250 सीटर छात्रावास भवन, जल प्रदाय और विद्युतीकरण कार्यों का भी लोकार्पण किया।
जिला प्रशासन की अनूठी पहल, नहरों के पानी से लबालब हुए 450 तालाब
ईंट निर्माण कार्य से आत्मनिर्भर बन रही हैं समूह की महिलाएं
महासंघ की कार्यप्रणाली को बनाये गतिशील एवं परिणामोन्मुख : राज्यमंत्री पंवार
प्रदेश में जंगली भैंसा प्रजाति का पुनर्स्थापन एक ऐतिहासिक अवसर: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
सही दवा-शुद्ध आहार' अभियान में जगदलपुर के चाट-गुपचुप सेंटरों और कॉस्मेटिक्स दुकानों का हुआ निरीक्षण
वन मंत्री केदार कश्यप ने भरा ऑनलाइन स्व-गणना पत्रक, नागरिकों से सहभागिता की अपील
एमपी टूरिज्म को मिला “लीडिंग टूरिज्म डेस्टीनेशन” का प्रतिष्ठित सम्मान
मध्यप्रदेश अपनी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को दे रहा है नई ऊर्जा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
सुकमा में तेंदूपत्ता संग्रहण तेज़ी से जारी, 35 हजार से अधिक बोरे का हुआ संग्रहण