मेयर और डिप्टी मेयर चुनाव की तारीख तय, नामांकन 23 तक
दिल्ली। एमसीडी में महापौर और उपमहापौर पद के चुनाव 29 अप्रैल को कराए जाएंगे। इस संबंध में महापौर राजा इकबाल सिंह ने चुनाव कार्यक्रम को मंजूरी दे दी है। चुनाव के लिए सदन की बैठक भी 29 अप्रैल को बुलाई गई है जबकि अधिसूचना बृहस्पतिवार को जारी होगी। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 23 अप्रैल निर्धारित की गई है। उम्मीदवार चाहें तो तय समय सीमा के भीतर अपना नाम वापस भी ले सकेंगे।
निगम सचिव कार्यालय में पार्षद अपने-अपने दलों की ओर से नामांकन दाखिल करेंगे। क्योंकि, एमसीडी में अब एक भी निर्दलीय पार्षद नहीं है। चुनाव प्रक्रिया को लेकर निगम प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी है। सदन में वर्तमान संख्या बल को देखते हुए भाजपा की स्थिति मजबूत मानी जा रही है। एमसीडी में भाजपा के पास पूर्ण बहुमत होने के कारण इन दोनों प्रमुख पदों पर उसकी जीत लगभग सुनिश्चित मानी जा रही है।महापौर और उपमहापौर चुनाव के साथ ही सदन में स्थायी समिति के तीन सदस्यों का भी चुनाव किया जाएगा। यह चुनाव इसलिए आवश्यक हो गया है क्योंकि समिति के छह निर्वाचित सदस्यों में से तीन का कार्यकाल पूरा हो चुका है। सेवानिवृत्त हुए सदस्यों में दो आम आदमी पार्टी और एक भाजपा पार्षद शामिल हैं। सदन में संख्या बल के आधार पर भाजपा यहां भी बढ़त बना सकती है और तीन में से दो सीटों पर जीत दर्ज कर सकती है। इससे स्थायी समिति में भी भाजपा की पकड़ और मजबूत होने की संभावना है। महापौर चुनाव को लेकर दोनों प्रमुख दलों के बीच रणनीतिक बैठकों का दौर शुरू हो चुका है। जहां भाजपा अपनी बढ़त को बरकरार रखने की तैयारी में है, वहीं आम आदमी पार्टी भी मुकाबले को दिलचस्प बनाने के लिए रणनीति तैयार कर रही है। एमसीडी की राजनीति में महापौर पद का विशेष महत्व होता है, क्योंकि यह पद न केवल प्रशासनिक फैसलों को प्रभावित करहा हैं, बल्कि शहर के विकास कार्यों की दिशा भी तय करते हैं। ऐसे में 29 अप्रैल को होने वाला यह चुनाव एमसीडी की राजनीति के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।
माता-पिता के संस्कार और गुरूओं से प्राप्त ज्ञान के प्रति सदैव रहें कृतज्ञ : राज्यपाल पटेल
आदि शंकराचार्य का दर्शन भारतीय संस्कृति, धर्म और आध्यात्मिक एकता का बना आधार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
भोपाल में हंगामा: प्रदर्शनकारी शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों को पुलिस ने हिरासत में लिया